चंदौली:अमडा गांव में नाली व रास्ते की समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन

जनपद चंदौली के सकलडीहा ब्लाक अंतर्गत ग्राम सभा अमडा में नाली और रास्ते की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि विगत कई वर्षों से गांव में पानी की निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बरसात के दिनों में भारी जलभराव हो जाता है। पानी भर जाने के कारण कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है और लोगों का आना-जाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिला प्रशासन से पानी निकासी की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्या को लेकर प्रधान को कई बार अवगत कराया गया, फिर भी न तो नाली का निर्माण कराया गया और न ही रास्ते को दुरुस्त किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का बाहर निकलना और मरीजों को अस्पताल ले जाना तक मुश्किल हो जाता है। इस मौके पर मौजूद समाजसेवी प्रमोद गिरी ने कहा कि रास्ता और नाली न होने से पूरे गांव को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहां इस समस्या को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर जल्द से जल्द समाधान कराया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।इस अवसर पर राम जन्म, जयप्रकाश रोहित रामाशीष कन्हैया राजू लालता कमलेश अखिलेश दिलीप बेचू इत्यादि ग्रामीण मौजूद रहे





