चंदौली:राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य शुभारम्भ,9129 मुकदमों का हुआ निस्तारण

चंदौली जनपद में राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ सदर तहसील सभागार में प्रशासनिक न्यायमूर्ति हरवीर सिंह, माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी रश्मि नन्दा, स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष सुबेदार सिंह, अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट राम बाबू यादव, विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट अनुराग शर्मा, नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत परितोष श्रेष्ठ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इशरत परवीन फारूकी सहित समस्त न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अग्रणी जिला प्रबंधक, बैंक अधिकारी तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन तहसील परिसर स्थित न्यायालयों, जनपद न्यायालयों एवं जनपद के समस्त बैंकों में फिजिकल मोड में किया गया। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों द्वारा एनआई एक्ट, पारिवारिक विवाद, एमएसीटी, विद्युत, सिविल, फौजदारी एवं राजस्व मामलों सहित कुल 9129 मुकदमों का निस्तारण किया गया। एमएसीटी वादों में 3 करोड़ 13 लाख 75 हजार रुपये का प्रतिकर दिलाया गया। बैंकों द्वारा 613 ऋण खातों का निस्तारण कर लगभग 5.93 करोड़ रुपये का समझौता एवं 2.91 करोड़ रुपये की नकद वसूली की गई।
अपर जनपद एवं सत्र न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विकास वर्मा द्वारा जानकारी दी गई कि लोक अदालत के माध्यम से कुल 12 लाख 66 हजार रुपये अर्थदंड तथा 73 लाख 42 हजार रुपये के उत्तराधिकार प्रमाण पत्र जारी किए गए। राष्ट्रीय लोक अदालत ने त्वरित, सुलभ एवं सस्ता न्याय प्रदान कर आमजन को बड़ी राहत दी।इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश दिवाकर प्रसाद चतुर्वेदी, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय किरन पाल सिंह, सहित जनपद के सभी न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





