Blog

चंदौली:कोदोचक घाट पर नाव हादसे ने लिया नया मोड़,परिजनों ने हत्या की जताई आशंका,एसपी से लगाई न्याय की गुहार

चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के कोदोचक गांव में छठ के दिन हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना का मामला अब नया मोड़ ले चुका है। इस हादसे में तीन किशोरों की मौत हो गई थी। प्रारंभ में इसे एक सामान्य दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन अब मृतकों के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है और पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।

परिजनों का आरोप है कि मृत किशोरों का गांव के ही कुछ युवकों से पूर्व में विवाद और रंजिश चल रही थी। घटना से कुछ दिन पहले उन्हें धमकियां भी दी गई थीं। आरोप है कि छठ के दिन चार तैरना जानने वाले युवकों ने तीन किशोरों को छोटी नाव में जबरन बैठा लिया और नदी के बीच ले गए। वहां जाकर नाव को जानबूझकर डुबो दिया गया, जबकि चारों युवक खुद तैरकर किनारे निकल आए। इस दौरान तीनों किशोर नदी की गहराई में डूब गए और उनकी मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि प्रतिशोध में रची गई साजिश है। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि अब तक मामले में गंभीरता नहीं दिखाई गई और चार नामजद आरोपितों में से केवल एक के खिलाफ ही कार्रवाई की गई है। बाकी तीन आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
गुरुवार को परिजन और ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।छठ पर्व के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है और अब लोग न्याय की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button