चंदौली पुलिस ने ऑपरेशन दहन के तहत 4419.6 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण

चन्दौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में “ऑपरेशन दहन” अभियान प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना तथा जब्त किए गए अवैध सामानों का विधिसम्मत विनष्टीकरण सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में थाना बबुरी पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम दिया गया।थाना बबुरी क्षेत्र में दर्ज कुल 12 अभियोगों से संबंधित अवैध अंग्रेजी, देशी एवं कच्ची शराब को नष्ट किया गया। इस दौरान कुल 4419.6 लीटर शराब का विनष्टीकरण किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में गठित टीम की मौजूदगी में संपन्न हुई।पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा किया गया, जिसमें वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। निर्धारित मानकों के अनुसार जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर शराब को उसमें डालकर नष्ट किया गया। इस अभियान में पुलिस, आबकारी विभाग और न्यायालय के अधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा।“ऑपरेशन दहन” अभियान न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि समाज को अवैध शराब के दुष्प्रभावों से बचाने का भी एक प्रभावी प्रयास है।



