चंदौली में जमीनी विवाद को लेकर विधवा महिला से मारपीट,ससुर और देवरों पर आरोप

चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के कांटा गांव में रविवार शाम करीब 4:30 बजे जमीनी विवाद को लेकर एक विधवा महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप पीड़िता के ससुर और दो देवरों पर लगा है। मारपीट के दौरान महिला का घरेलू सामान तोड़फोड़ कर घर के बाहर फेंक दिया गया। घटना के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता चंद्रकला मौर्या, पत्नी स्व. मनोज मौर्या, ने बताया कि वर्ष 2020 में सड़क दुर्घटना में पति की मौत के बाद वह अपने एक पुत्र और एक पुत्री के साथ अलग रह रही हैं। उनके अनुसार, लिखित समझौते के आधार पर जीवन-यापन के लिए उन्हें एक बीघा खेत दिया गया था।चंद्रकला का आरोप है कि रविवार को जब वह खेत में गेहूं की बुवाई कर रही थीं, तभी उनके दो देवर और ससुर मौके पर पहुंचे और खेत को लेकर विवाद करते हुए मारपीट करने लगे। महिला का कहना है कि पति की मृत्यु के बाद से वह लगातार प्रताड़ना झेल रही हैं।पीड़िता ने सैयदराजा थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में थाना प्रभारी विंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



