Blog

चंदौली को ‘जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट’ बनाने की मुहिम तेज,एनएच-19 पर अवैध कट बंद कराने में जुटा एनएचएआई विभाग

चंदौली:जनपद चंदौली को सड़क दुर्घटनाओं से मुक्त कर ‘जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट’ (ZFD) के रूप में विकसित करने की दिशा में एनएचएआई प्रशासन ने व्यापक और निर्णायक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद नेशनल हाईवे पर चिन्हित खतरनाक स्थानों पर सुधार कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

हाल ही में एनएचएआई और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नेशनल हाईवे-19 पर कटरिया से नौबतपुर बॉर्डर तक सड़क सुरक्षा ऑडिट किया गया था। इस दौरान दुर्घटनाओं के कारणों की गहन समीक्षा की गई, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं। जांच में पाया गया कि पेट्रोल पंपों, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने बनाए गए अवैध कट सड़क हादसों का प्रमुख कारण बन रहे थे।
इन अवैध कटों से अचानक हाईवे पर निकलने वाले वाहन तेज रफ्तार से गुजर रहे भारी और हल्के वाहनों के लिए जानलेवा साबित हो रहे थे। इसी को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई ने सभी अनधिकृत कटों को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

एनएचएआई के अधिकारी बृजेश चौबे एवं के.डी. मौर्य ने बताया कि नौबतपुर से सैयदराजा के बीच हाईवे पर पड़ने वाले सभी अवैध कट चरणबद्ध तरीके से बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में केवल वही कट खुले रहेंगे जो विभागीय मानकों के अनुसार अधिकृत होंगे।इसके साथ ही सर्विस रोड पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया गया है। सड़क किनारे बिल्डिंग मैटीरियल गिराकर या अस्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इन कदमों से न सिर्फ सड़क हादसों में कमी आएगी, बल्कि हाईवे पर वाहनों का परिचालन भी सुरक्षित और निर्बाध रूप से हो सकेगा।प्रशासन और एनएचएआई की इस पहल को आमजन के साथ-साथ वाहन चालकों ने भी सराहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में चंदौली जनपद सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक मिसाल बनेगा और ‘जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट’ के लक्ष्य को साकार किया जा सकें

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button