चंदौली में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया गया

चंदौली जिले के राजकीय कमलापति डिग्री कॉलेज परिसर में रविवार को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
इसके उपरांत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी ने छात्रों सहित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में सराहनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग का गठन हुआ था, तभी से इस दिन को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 से निरंतर मतदाता दिवस का आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाताओं की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा मतदान के माध्यम से लोकतंत्र की नींव मजबूत होती है।उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि 1 जनवरी से नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा वर्ग जागरूक होकर मतदाता बने। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मतदाताओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने मताधिकार का प्रयोग कर सशक्त एवं स्थिर सरकार के निर्माण का संकल्प दिलाया जाएगा, जिससे देश के विकास को गति मिलेगी।कार्यक्रम में परियोजना निदेशक बीबी सिंह, विश्व बंधु, परशुराम सिंह, राकेश रोशन, अपर जिलाधिकारी रतन वर्मा, सत्यमूर्ति ओझा, जेपी रावत, सचिन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




