Chandauli News-कांटा गांव में विधवा महिला के साथ मारपीट और तोड़फोड़ का मामला,एसपी से न्याय की गुहार

चंदौली : सैयदराजा कोतवाली क्षेत्र के कांटा गांव में एक विधवा महिला के साथ मारपीट, खेत में जबरन रोक-टोक और घर में तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता चंद्रकला मौर्या ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद परिवार के बुजुर्ग सदस्य—ससुर—ने उन्हें एक बीघा जमीन खेती के लिए दी थी। वह कई वर्षों से उसी जमीन पर काबिज रहकर खेती करती आ रही हैं।पीड़िता के अनुसार 30 नवंबर 2025 को दोपहर लगभग 2 बजे वह अपने खेत में बुआई कर रही थीं, तभी उनके ससुर, देवर और अन्य विपक्षीजन वहां पहुंच गए और बुआई करने से रोकने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया।घटना के बाद चंद्रकला मौर्या ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। लेकिन पीड़िता का आरोप है कि पुलिस को सूचना देना विपक्षियों को नागवार गुजरा, जिसके बाद वे उनके घर पहुंचे तथा तोड़फोड़ करते हुए सामान बाहर फेंक दिया, जिससे वह दहशत में आ गईं।घटना से आहत चंद्रकला बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि एसपी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।कांटा गांव में हुई इस घटना ने महिला सुरक्षा और पारिवारिक विवादों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता ने प्रशासन से जल्द न्याय दिलाए जाने की मांग की है, ताकि उसे दोबारा ऐसी प्रताड़ना का सामना न करना पड़े।



