चंदौली:अलीनगर के सिधीताली में किन्नरों का उत्पात,नेग को लेकर विवाद,विवाहिता का मंगलसूत्र और झुमका छीन फरार

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के सिधीताली गाँव में बुधवार दोपहर किन्नरों के उत्पात का मामला सामने आया है। नेग (उपहार) को लेकर हुए विवाद में आधा दर्जन किन्नरों ने एक परिवार के साथ मारपीट करते हुए विवाहिता का मंगलसूत्र और झुमका छीन लिया। घटना के बाद आरोपी किन्नर ऑटो से फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सिधीताली निवासी राहुल जायसवाल परचून की दुकान चलाते हैं। उनके घर 12 सितंबर को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। करीब डेढ़ महीने बाद बुधवार को छह किन्नर नेग लेने के लिए उनके घर पहुँचे। राहुल की माँ ने उन्हें एक हजार रुपये देने की पेशकश की, लेकिन किन्नरों ने रुपये फेंक दिए और अधिक रकम की मांग करने लगे।इस दौरान किन्नरों ने विवाहिता से मंगलसूत्र और झुमके की मांग की। घर पर बुजुर्ग सदस्य न होने के कारण राहुल की पत्नी ने उन्हें पायल, बिछिया और कुछ पैसे देने की कोशिश की, लेकिन किन्नर जबरन बेडरूम में घुस गए और मंगलसूत्र व सिकड़ी छीन ली। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की और दुकान का सामान सड़क पर फेंककर तोड़फोड़ कर दी।पीड़ित राहुल जायसवाल ने इस घटना की शिकायत अलीनगर थाना क्षेत्र के जफरपुर चौकी में चार नामजद किन्नरों के खिलाफ दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



