चंदौली:मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों में कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को लेकर “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-5.0 के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सभी थानों की एंटीरोमियो टीमों द्वारा स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, कस्बों तथा अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाकर महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रमों के दौरान महिला संबंधित समस्याओं के निस्तारण, सहायता प्राप्त करने के तरीकों तथा पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन व सखी निवास जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी गई।इसके अलावा थाना स्तर पर नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्य, उद्देश्य और उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी महिलाओं को अवगत कराया गया। पुलिस द्वारा महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।






