चंदौली एसपी ने फाइनेंस एजेंसियों को चेताया—“गुंडई से खींची गाड़ी तो लगेगा लूट का मुकदमा”

चन्दौली एसपी आकाश पटेल की अध्यक्षता में जनपद की समस्त माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य फाइनेंस एजेंसियों की गतिविधियों की समीक्षा करना और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना था। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर भी बैठक में उपस्थित रहे।बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऋण वसूली के दौरान किसी भी एजेंट या कर्मचारी द्वारा अवैध दबाव, जबरदस्ती या धमकाने का सहारा न लिया जाए। अगर कोई वाहन जबरन खींचा जाता है, अभद्र व्यवहार किया जाता है या डराया-धमकाया जाता है, तो संबंधित पर लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दो दिन पूर्व ही ऐसे एक प्रकरण में कार्रवाई भी की गई है।उन्होंने एजेंसियों को कहा कि सभी रिकवरी कार्य कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए ही करें और किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी कलेक्शन एजेंटों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। एजेंसियों को समस्या होने पर पुलिस अधीक्षक से सीधे संपर्क करने की सलाह दी गई।इस बैठक से फाइनेंस वसूली में कानूनी पालन और ग्राहकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश मिला।



