Blog

Chandauli News-समाजवादी विचारधारा के सशक्त हस्ताक्षर मराछू पासवान का निधन,दलित समाज में शोक की लहर

चंदौली। समाजवादी विचारधारा के ध्वजवाहक एवं दलित राजनीति के सशक्त हस्ताक्षर, शाहपुर निवासी मराछू पासवान का रविवार को निधन हो गया। उनके निधन से दलित समाज को अपूरणीय क्षति पहुँची है। निधन की सूचना मिलते ही शाहपुर में दलित समाज के लोगों का जमावड़ा लग गया। लोगों ने उनका अंतिम दर्शन कर भावभीनी विदाई दी तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।सामान्य दलित परिवार में जन्मे मराछू पासवान बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के “शिक्षित बनो और संगठित रहो” के विचार से गहराई से प्रभावित थे। चंदौली ब्लॉक के कनिष्ठ प्रमुख रहे मराछू पासवान ने अपने समय में दलितों की शिक्षा और उनकी राजनीतिक भागीदारी के लिए लंबा संघर्ष किया। उनका मानना था कि शिक्षा और राजनीति में सक्रिय भागीदारी के माध्यम से ही दलित समाज का वास्तविक उत्थान संभव है। वे इसे दलितों के साथ हो रहे भेदभाव और अत्याचार के खिलाफ एक सशक्त माध्यम मानते थे।इन्हीं विचारों के साथ उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सक्रिय राजनीति में कदम रखा। आगे चलकर समाजवादी विचारधारा ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव के व्यक्तित्व से प्रेरित होकर उन्होंने समाजवादी पार्टी के एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया। वे चंदौली ब्लॉक के कनिष्ठ प्रमुख के रूप में निर्वाचित हुए और वर्ष 1995 से 2000 तक इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए आमजन की सेवा की।बदलते राजनीतिक परिवेश और परिस्थितियों के बावजूद वे अपने लक्ष्य से कभी विचलित नहीं हुए। उन्होंने दलित समाज के लोगों को शिक्षित बनने और राजनीति से जुड़कर अपनी समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर मार्गदर्शन दिया। उनकी प्रेरणा से दलित समाज के अनेक युवा जनपद की राजनीति में सक्रिय हुए और दलितों के उत्थान की दिशा में कार्य किया।इस संबंध में समाजवादी पार्टी के सेक्टर प्रभारी दिलीप पासवान ने कहा कि मराछू पासवान का निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर दलित एकता को मजबूत करना और दलित समाज को शिक्षित बनाने के उनके सपने को साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मराछू पासवान सदैव दलित समाज की स्मृतियों में जीवित रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button