चंदौली में तेजतर्रार इंस्पेक्टर रह चुके शेषधर पाण्डेय बने प्रयागराज के हंडिया सर्किल के नए एसीपी


चंदौली जिले में अलीनगर, चंदौली और सैयदराजा के प्रभारी रह चुके शेषधर पाण्डेय को प्रयागराज के हंडिया सर्किल का सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) नियुक्त किया गया है। चंदौली में उनका कार्यकाल काफी सफल रहा, जहां कई जटिल और विवादित मामलों को सुलझाने का श्रेय उन्हें जाता है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई जिम्मेदारी को भी वे पूरी निष्ठा और कुशलता से निभाएंगे।प्रयागराज के हंडिया सर्किल के नवनियुक्त एसीपी शेषधर पाण्डेय ने औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने सुनील कुमार सिंह का स्थान लिया है, जिनका स्थानांतरण करछना सर्किल में कर दिया गया है।कार्यभार संभालने के बाद एसीपी पाण्डेय ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनकी पहली प्राथमिकता अपराधों की रोकथाम करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों के पास जाने की आवश्यकता न पड़े। पीड़ितों को त्वरित और प्रभावी न्याय दिलाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।



