चंदौली न्यायालय निर्माण में योगदान के लिए विशेष राजवंशी का अधिवक्ताओं ने किया सम्मान

चंदौली। जिले के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को जनपद आगमन पर आए हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं राष्ट्रीय अधिवक्ता संघ युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष राजवंशी का गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया। अधिवक्ताओं ने चंदौली न्यायालय निर्माण में उनके द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। कहा गया कि न्यायालय निर्माण की दिशा में जो भी प्रगति दिख रही है, उसमें विशेष राजवंशी की भूमिका अभूतपूर्व रही है। उन्होंने इस न्यायिक लड़ाई में अधिवक्ताओं के पक्ष को हाईकोर्ट में मजबूती से रखा।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व महामंत्री झन्मेजय सिंह ने कहा कि चंदौली न्यायालय निर्माण के लिए स्थानीय अधिवक्ताओं ने लंबे समय तक संघर्ष किया। इस लड़ाई में हाईकोर्ट इलाहाबाद में चंदौली के अधिवक्ताओं का पक्ष रखने में विशेष राजवंशी और उनके दादा नरेश चंद्र राजवंशी ने मजबूती के साथ योगदान दिया और निरंतर सहयोग प्रदान किया। इसी कारण चंदौली आगमन पर उनका सम्मान करना अधिवक्ताओं ने अपना दायित्व समझा, जिसे उन्होंने चंदौली की जनता की ओर से समर्पित बताया।
सम्मान ग्रहण करते हुए विशेष राजवंशी ने अधिवक्ताओं और चंदौलीवासियों को आश्वस्त किया कि वे आगे भी निःस्वार्थ भाव से जनपद के विकास में सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने चंदौली के संघर्षशील और जुझारू अधिवक्ताओं की प्रशंसा की और कहा कि जनहित और जनपद के विकास से जुड़े मुद्दों पर उनकी मुखरता सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में चन्द्रभूषण यादव, पंकज सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, उज्ज्वल सिंह, नीरज, अभिषेक, अवकाश कुमार, हिटलर सिंह, अभिनव आनंद सिंह, रमाशंकर यादव, नवीन सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।



