चंदौली में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, पुलिस–पब्लिक को दी गई ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव की जानकारी

चंदौली में एक निजी कॉलेज भवन में पुलिस विभाग, स्कूली विद्यार्थियों, रिटायर्ड कर्मियों और आम जनता की मौजूदगी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीजी साइबर सेल ने की, जिसमें साइबर अपराध और उससे बचाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।कार्यक्रम के दौरान एडीजी जोन, डीआईजी साइबर सेल और डीआईजी जोन ने उपस्थित लोगों को ऑनलाइन माध्यम से होने वाले साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए। विशेषज्ञों ने बताया कि किस प्रकार साइबर अपराधी सोशल इंजीनियरिंग, फेक लिंक, फर्जी कॉल और डेटा चोरी के माध्यम से लोगों को निशाना बनाते हैं।
डिजी साइबर सेल के अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा के मूल सिद्धांतों, सुरक्षित लेनदेन, मजबूत पासवर्ड, ओटीपी सुरक्षा और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत रिपोर्टिंग के बारे में दिशा-निर्देश दिए।साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने साइबर फ्रॉड का शिकार हुए लोगों को तत्काल आर्थिक नुकसान की रिकवरी के लिए उपलब्ध टूल्स और प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी। इसमें 1930 हेल्पलाइन, नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल और समय पर सूचना देने की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया गया।कार्यक्रम के अंत में एसपी चंदौली ने कहा कि जिले में ऐसे साइबर जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को साइबर अपराध से बचने और तकनीक का सुरक्षित उपयोग करने के लिए सक्षम बनाया जा सके।




