Chandauli News-कार शोरूम में घुसकर चोर ने उड़ाए 44 हजार,CCTV में कैद हुई वारदात

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कटसिला नहर के पास स्थित एक कार शोरूम में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। चोर ने शोरूम में घुसकर काउंटर में रखी 44 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।शोरूम के संचालक अरविंद सिंह ने इस संबंध में सदर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम शोरूम का काम निपटाने के बाद संचालक व कर्मचारी अपने-अपने घर चले गए थे। इसी का फायदा उठाकर रात करीब सवा नौ बजे चोर पीछे के दरवाजे से शोरूम में दाखिल हुआ।चोर ने शोरूम के कई हिस्सों की तलाशी ली, लेकिन जब उसे कहीं कुछ खास नहीं मिला तो उसने काउंटर में रखी 44 हजार रुपये की नकदी चुरा ली और फरार हो गया। घटना पूरी तरह सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। आए दिन हो रही चोरियों से आमजन में भय का माहौल बना हुआ है। इस मामले में सदर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



