Chandauli News-जिले में जिला न्यायालय भवन का शिलान्यास जनपदवासियों एवं अधिवक्ताओं के संघर्ष का परिणाम-धर्मेन्द्र तिवारी

चन्दौली कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर धर्मेन्द्र तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश द्वारा जिले में जिला न्यायालय भवन के शिलान्यास तथा उसके शीघ्र निर्माण की खबर से जनपदवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
उन्होंने कहा कि विगत अट्ठाइस वर्षों से जिले में समुचित न्यायालय भवन एवं परिसर न होने के कारण अधिवक्ताओं के साथ-साथ वादकारियों और न्यायालय कर्मचारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। न्यायालय भवन की मांग को लेकर जिले के अधिवक्ताओं ने लम्बे समय तक आंदोलन किया। धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क में उनकी प्रतिमा का अभिषेक कर प्रायश्चित (क्षमा प्रार्थना) कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा जनप्रतिनिधियों की शव यात्रा भी निकाली गई।धर्मेन्द्र तिवारी ने कहा कि न्यायालय भवन के लिए अधिवक्ताओं के इस लम्बे संघर्ष और आंदोलन में जिला कांग्रेस कमेटी ने कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया। कांग्रेस के तत्कालीन प्रांतीय अध्यक्ष माननीय अजय राय (पूर्व मंत्री) ने न केवल आंदोलन का समर्थन किया, बल्कि जिला कांग्रेस कमेटी के साथ धरना-प्रदर्शनों में स्वयं शामिल हुए और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर न्यायालय भवन निर्माण की मांग को मजबूती से रखा। कांग्रेस के इस सहयोग और समर्थन के लिए जिले की डिस्ट्रिक्ट एवं सिविल बार एसोसिएशन द्वारा धन्यवाद पत्र भी दिया गया।उन्होंने कहा कि जिले में बहुमंजिली, सर्व-सुविधायुक्त, वकीलों के चेम्बर एवं पार्क सहित इंटीग्रेटेड कोर्ट का निर्माण अधिवक्ताओं, कांग्रेस जनों और जनपदवासियों के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत है। तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने विकास पुरुष पंडित कमलापति त्रिपाठी के नेतृत्व में चन्दौली का विकास किया और आगे भी जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सदैव सहयोग करने को तैयार रहेगी।




