चंदौली में जमीन कब्जे का मामला,महिला ने लगाई न्याय की गुहार

चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र में पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पीड़िता इंदिरा सिंह, पत्नी अश्वनी सिंह, निवासी वल्लभ विहार कॉलोनी, सारनाथ वाराणसी, ने क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई अवध नारायण सिंह (पूर्व जेलर) और भतीजे अमित सिंह द्वारा पैतृक संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता के अनुसार, उनके पिता ने विधिवत वसीयत के माध्यम से संपत्ति का बंटवारा किया था, जिसमें उन्हें भी वैधानिक हिस्सा प्राप्त है। इसके बावजूद वसीयत को नजरअंदाज कर संपत्ति हड़पने की कोशिश की जा रही है। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट का आरोप भी लगाया गया है। बगीचे की देखरेख करने वाली महिला और उसके बच्चों को भी डराया-धमकाया जा रहा है।मामले की शिकायत पर सकलडीहा की क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच कर विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल पुलिस और राजस्व टीम द्वारा संयुक्त जांच की तैयारी की जा रही है।



