चंदौली-आरपीएफ ने बचाए 7 बाल मजदूर, 2 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ डीडीयू पोस्ट के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में “ऑपरेशन आहट” के तहत बचपन बचाओ आंदोलन, चाइल्ड हेल्प डेस्क और सीआईबी टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो अलग-अलग मामलों में 7 नाबालिक बच्चों को बाल मजदूरी के लिए ले जाने से बचाया।पहली घटना में 4 बच्चे (मिनतल, संजीत, अमन और करन) बिहार के कटिहार जिले से जामनगर, गुजरात में सफाई का काम कराने के लिए ले जा रहे थे। इन्हें शिवम कुमार चौधरी (28) ले जा रहा था और माता-पिता को प्रति बच्चा 2–3 हजार रुपए देने की बात कही गई थी।दूसरी घटना में 3 बच्चे (शंकर, रामप्रीत और कीनू) झारखंड के चतरा जिले से जयपुर, राजस्थान में चूड़ी पर नगीना लगाने का काम करने के लिए ले जा रहे थे। इन्हें श्यामलाल भुइयां (33) ले जा रहा था और बच्चों के माता-पिता को प्रति बच्चा ₹5000 दिए गए थे।सभी 7 बच्चों को सुरक्षित चाइल्ड हेल्प डेस्क को सुपुर्द किया गया। दोनों आरोपी गिरफ्तार कर कोतवाली मुगलसराय भेजे गए, जहां उनकी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में आरपीएफ, सीआईबी, बचपन बचाओ आंदोलन और चाइल्ड हेल्प डेस्क की टीम शामिल थी।



