चंदौली:40 दिन से अधिक समय से गायब युवक का सुराग नहीं,परिजनों ने एसपी से लगाई गुहार

(चंदौली)। बबुरी थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी युवक रोहित केशरी पुत्र विनोद केशरी पिछले 40 दिनों से लापता है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने गुरुवार को एसपी चंदौली से मुलाकात कर अपहरण की आशंका जताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।परिजनों के अनुसार, रोहित 27 सितंबर की शाम से ही गायब है। उसी रात उसकी पत्नी और भाई से फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान वह काफी व्याकुल था और पत्नी से रोते हुए पुराने घर जाने की बात कह रहा था। उसने यह भी बताया था कि उस पर जबरदस्ती अधिक रकम कबूलवाने का दबाव बनाया जा रहा है।परिजनों का कहना है कि लाख पूछने पर भी रोहित ने अपनी लोकेशन नहीं बताई और थोड़ी देर बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं है।पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार थाने का चक्कर लगाया, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे परिजनों में आक्रोश है।पुलिस पक्ष का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है।



