चंदौली में घने कुहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त,कोलकाता–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर कुहरे का असर सबसे अधिक देखने को मिला

चंदौली जनपद में घने कुहरे ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह से ही जिले के अधिकांश इलाकों में घना कुहासा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। कोलकाता–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर कुहरे का असर सबसे अधिक देखने को मिला, जहां वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई। हालात ऐसे रहे कि वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा।घने कुहरे के कारण दृश्यता घटकर लगभग 20 मीटर से भी कम रह गई, जिससे हाईवे पर चल रहे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी सतर्कता बरतनी पड़ी। बड़े ट्रक, बसों के साथ-साथ दोपहिया और छोटे वाहन भी नियंत्रित गति से चलते नजर आए। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए।
कुहरे के चलते जहां सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं सुबह की दिनचर्या पर भी असर देखने को मिल रहा है । हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े सड़क हादसे की सूचना नहीं मिली है।प्रशासन और यातायात विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि कुहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और धीमी गति से वाहन चलाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।



