चंदौली:26 नवीन चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित,कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम

चंदौली-जनपद चंदौली में आयोजित एक भव्य समारोह में 26 नवीन चयनित मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। यह कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ, जिसमें जिले के जनप्रतिनिधि (सांसद व विधायक), मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर तथा समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं द्वारा सांसद दर्शना सिंह, सांसद साधना सिंह एवं विधायक मुगलसराय रमेश जायसवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित कर किया गया। इसके उपरांत जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर ने विधायक चकिया और विधायक सैयदराजा के प्रतिनिधियों को भी पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।बाल विकास परियोजना अधिकारी चहनियां द्वारा नवीन नियुक्त मुख्य सेविकाओं का जनप्रतिनिधियों के समक्ष परिचय प्रस्तुत किया गया और उनके कार्यों व दायित्वों की जानकारी दी गई।

सांसद दर्शना सिंह, सांसद साधना सिंह एवं विधायक रमेश जायसवाल ने नियुक्ति पत्र वितरित किए और अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया में अपनाई गई पारदर्शिता व सुचिता की सराहना की। साथ ही, बाल विकास विभाग के पोषण कार्यक्रमों की महत्ता को रेखांकित करते हुए नव नियुक्त सेविकाओं से बच्चों एवं महिलाओं के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, समस्त परियोजना अधिकारी, लिपिकगण एवं विभागीय कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।