Chandauli News-सूर्यमुनी तिवारी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की शिष्टाचार भेंट,क्षेत्रीय जनसमस्याओं से कराया अवगत

चंदौली। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सूर्यमुनी तिवारी ने आज नई दिल्ली में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र चंदौली सहित आसपास के ग्रामीण एवं अर्धशहरी इलाकों की प्रमुख जनसमस्याओं से रक्षा मंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
भेंट के दौरान सूर्यमुनी तिवारी ने क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था, सड़क एवं संपर्क मार्गों की दयनीय स्थिति, कृषि व किसानों से जुड़ी चुनौतियाँ, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तथा सुरक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि गंगा नदी एवं अन्य जलस्रोतों के समुचित उपयोग के लिए अतिरिक्त पंप कैनाल एवं लिफ्ट सिंचाई योजनाओं की अत्यंत आवश्यकता है, जिससे हजारों एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिल सके।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सूर्यमुनी तिवारी द्वारा रखी गई बातों को गंभीरता से सुना और जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर संबंधित मंत्रालयों एवं विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
भेंट के उपरांत सूर्यमुनी तिवारी ने कहा कि यह मुलाकात क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं को सरकार तक पहुँचाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इन सभी मुद्दों पर ठोस और सकारात्मक प्रगति देखने को मिलेगी।









