चंदौली:पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन,बाल्टी लेकर बैठे लोग

खबर यूपी के जनपद चंदौली से है, जहां पानी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन किया। मामला चंदौली जिले के विकासखंड चकिया अंतर्गत ग्राम पंचायत महादेवपुर का है। ग्रामीणों का कहना है कि बीते कई पीढ़ियों से गांव में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। आज़ादी के 77 साल बाद भी ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो पा रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।
एक तरफ देश में आज़ादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ महादेवपुर गांव के लोग पानी के लिए बाल्टी लेकर धरने पर बैठने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नए हैंडपंपों का निर्माण नहीं कराया गया है और पुराने हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। वहीं जल निगम द्वारा पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन अब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलते ही बसपा नेता व जिला पंचायत प्रत्याशी शैलेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की आवाज उठाई। उन्होंने नए हैंडपंप लगाने, पुराने हैंडपंपों के रिबोर कराने और जल्द से जल्द पाइपलाइन से जल आपूर्ति शुरू कराने की मांग की। साथ ही जिला अधिकारी व उप जिलाधिकारी से समस्या के त्वरित समाधान की मांग की गई।
धरना-प्रदर्शन में शैलेश कुमार, भूलन पाल, गुड्डू पाल, राजकुमार, उमेश कुमार, मीरा देवी, पूजन राम, गीता देवी, धीरेंद्र पाल, राम भजन पाल, योगेंद्र पाल, शशिकला, छोटू, रामबाबू, राम सिंह, मनोहर, बुल्लू, भरत भागमनी सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








