Blog

चंदौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की का विवाह रुकवाकर सराहनीय कार्य किया।

चंदौली। चंदौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की का विवाह रुकवाकर सराहनीय कार्य किया। पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चकिया क्षेत्र स्थित काली जी के मंदिर में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चाइल्ड हेल्प लाइन चंदौली एवं एएचटी थाना की संयुक्त टीम का गठन कर तत्काल मौके पर भेजा गया।

टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी दी और बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की का विवाह कानूनन अपराध है। लड़की के माता-पिता व अभिभावकों को बाल विवाह के गंभीर सामाजिक व कानूनी परिणामों से अवगत कराया गया। इसके पश्चात अभिभावकों से शपथ पत्र लिया गया, जिसमें उन्होंने यह आश्वासन दिया कि लड़की की 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पहले उसका विवाह नहीं करेंगे।

मामले की आगे की निगरानी और लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नाबालिग को बाल कल्याण समिति (CWC) को सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में चाइल्ड हेल्प लाइन के अधिकारी इन्द्रजीत सिंह, राम सहारे, अनीता चौहान, कौशल किशोर, प्रमोद कुमार तथा पुलिस विभाग से राघवेन्द्र सिंह और महिला हेड कांस्टेबल नीरज भारद्वाज शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button