Chandauli News-पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप,बीएलओ पर पक्षपात का आरोप

सकलडीहा (चंदौली) – पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को लेकर सकलडीहा तहसील क्षेत्र के पूरा विजई गांव में विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने बीएलओ पर पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्य करने का आरोप लगाते हुए उप जिला अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और संबंधित बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि बीएलओ द्वारा ग्राम प्रधान के सहयोग से बड़ी संख्या में वोट काटे गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रधान के समर्थकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ दिए गए, जबकि विपक्षी प्रत्याशी के समर्थकों के नाम जानबूझकर सूची से हटा दिए गए हैं। इससे पंचायत चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।ग्रामीणों ने इस मामले को गंभीर बताते हुए उप जिला अधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने मतदाता सूची में की गई कथित अनियमितताओं को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।इस संबंध में उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात पाया गया तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



