Chandauli News-मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत जनपद चन्दौली में महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु “मिशन शक्ति” विशेष अभियान फेज-5.0 के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान महिला संबंधी समस्याओं के समाधान एवं सहायता प्राप्त करने के तरीकों की भी जानकारी दी गई।जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को संरक्षण प्रदान करने वाले प्रमुख कानूनों जैसे घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम-1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम-1994 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी देकर आमजन को जागरूक किया गया।साथ ही थाना स्तर पर नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र के कार्य, उद्देश्य एवं वहां उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में भी महिलाओं एवं बालिकाओं को विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस प्रशासन द्वारा महिलाओं को सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।






