चंदौली में मीडिया बंधुओं के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम,डिजिटल सुरक्षा पर दिया गया जोर

चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में साइबर अपराधों से बचाव एवं आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आज पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चंद्रशेखर (आईपीएस), क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार तथा साइबर सेल टीम द्वारा मीडिया बंधुओं को जागरूक किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चंद्रशेखर ने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराधी एआई एवं आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर आमजन को भ्रमित कर रहे हैं। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी साइबर अपराध की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार ने कहा कि साइबर अपराध आज एक गंभीर चुनौती बन चुका है और आमजन की जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल ठगी एवं सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति सतर्क किया गया।कार्यक्रम के दौरान साइबर सेल के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा, फर्जी कॉल व लिंक से बचाव, ओटीपी एवं व्यक्तिगत डाटा की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से साइबर अपराधों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपाय भी बताए गए।उक्त कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल मिर्जा रिजवान बेग, जनपद के सम्मानित मीडिया बंधु तथा अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से साइबर जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर तक पहुँचाने में सहायता मिलेगी।



