चंदौली-NSUI नेताओं से दुर्व्यवहार के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन,राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

चंदौली में आज 14 जनवरी को ज़िला कांग्रेस कमेटी चंदौली के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ने NSUI नेताओं के साथ हुए कथित पुलिसिया दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन ज़िलाधिकारी चंदौली को सौंपकर विरोध दर्ज कराया।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि 11 जनवरी 2026 को वाराणसी में SIR, वोट चोरी और मनरेगा को समाप्त किए जाने के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष बरुन चौधरी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि इस दौरान भाजपा के इशारे पर पुलिस ने NSUI कार्यकर्ताओं व राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया, जो लोकतंत्र के लिए घोर निंदनीय है।उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस यहीं नहीं रुकी, बल्कि NSUI के नेताओं व पदाधिकारियों के घरों तक जाकर उनके परिवारों, महिलाओं और बच्चों को भी परेशान किया गया। कांग्रेस पार्टी इस पूरे पुलिसिया उत्पीड़न का कड़ा विरोध करती है।ज़िलाध्यक्ष ने कहा कि जनविरोधी और तानाशाही पर उतरी भाजपा सरकार अब पुलिस और लाठी के बल पर अपनी नाकामियों को छिपाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस पार्टी देश की जनता के मुद्दों पर डटकर खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता के साथ मिलकर कांग्रेस इस तानाशाही सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।
इस अवसर पर बृजेश गुप्ता, मधु राय, डॉ. नारायण मूर्ति ओझा, गंगा प्रसाद, हीरा लाल शर्मा, तौफिक खान, सतीश बिंद, राजेंद्र गौतम, दयाराम पटेल, मुनीर खान, भवानी शरण सिंह, राहुल, राममूरत गुप्ता, शाहिद, तौसीफ, राधेश्याम यदुवंशी, परमहंस सिंह राजपूत, शिवेंद्र मिश्रा, गुलाब राम, हम्मीर शाह, नेहाल अख्तर, बाबू दीन दयाल विश्वकर्मा, अखिलेश्वर पाठक, अखिलेश पांडेय, अनिल श्रीवास्तव, राकेश पाठक, राकेश सिंह, संतोष चौबे, योगेंद्र सिंह, असद इकबाल, किरण श्रीवास्तव, अनवर सादात, शैलेश यादव, शमशेर खां, मनोज सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेसजन मौजूद रहे।




