चंदौली में नए एसपी आकाश पटेल का सख्त संदेश,कानून व्यवस्था होगी और मजबूत

चंदौली में नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन में पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।एसपी आकाश पटेल ने साफ कहा कि जनपद में अपराधियों और बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और आपराधिक गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।इसके साथ ही उन्होंने जाम और अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही, जिससे आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल को आवश्यक बताते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाया जा सकता है।



