Chandauli News-बेमौसम बारिश से बेहाल किसान,धरौली में किसान विकास मंच ने की गोष्ठी,सिंचाई विभाग और बंधी डिवीजन की लापरवाही पर जताया रोष,राहत की मांग

चंदौली। जनपद के किसानों की समस्याओं को लेकर किसान विकास मंच सक्रिय हो गया है। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनके हालात का जायजा लिया। उन्होंने रोहाखी और धरौली गांव के किसानों के दर्द को करीब से देखा और धरौली में एक गोष्ठी आयोजित की।किसानों ने बताया कि बेन धरौली नहर तथा खखड़ा–खिलची ड्रेन की सफाई नहीं किए जाने और जल निकासी मार्गों पर अतिक्रमण न हटाए जाने के कारण बारिश का पानी खेतों में भर गया है। इससे धान की फसल बर्बाद हो गई है।राम अवध सिंह ने कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही ने किसानों की नींद हराम कर दी है। उन्होंने बताया कि आदर्श नहर निर्माण के दौरान सिंचाई विभाग ने धरौली गांव के सामने का कुलावा (पानी निकासी मार्ग) उखड़वा दिया, जिससे पानी निकलना बंद हो गया और खेत जलमग्न हो गए।इसी तरह खखड़ा और खिलची ड्रेन की सफाई न होने और जल बहाव क्षेत्र में अतिक्रमण बने रहने से स्थिति और बिगड़ गई है। किसानों ने इसके लिए बंधी डिवीजन को जिम्मेदार ठहराया है।किसान विकास मंच ने आपदा राहत की घोषणा न होने पर नाराज़गी जताई है। संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि मंच के कार्यकर्ता जल्द ही सिंचाई विभाग, बंधी डिवीजन और जिलाधिकारी कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर दस्तक देंगे, और यदि कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन व अनशन किया जाएगा।कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राजेंद्र सिंह, मनोज कुमार सिंह, मनजीत सिंह, अनुभव सिंह, राम प्यारे राय, राजू पांडेय, प्रवीण कुमार और सरताज खान शामिल रहे।



