चंदौली में भव्य रूप से मनाई गई देव दीपावली,बलुआ घाट दीपों से जगमगाया

चंदौली। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि पर बुधवार की शाम जनपद में देव दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। पश्चिम वाहिनी मां गंगा के पावन तट बलुआ घाट पर आयोजित देव दीपावली गंगा महोत्सव में दीपों की अपार रौशनी से पूरा घाट स्वर्गिक आभा से आलोकित हो उठा। दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो धरती पर देवताओं का अवतरण हो गया हो।
हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में संपन्न यह दीपोत्सव लोगों के लिए एक अविस्मरणीय क्षण बन गया।कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मां गंगा को दीपदान कर किया। इस अवसर पर बलुआ घाट और बाजार क्षेत्र को आकर्षक रोशनी व सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया था।गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में प्रज्ज्वलित 21 हजार दीपों ने संपूर्ण वातावरण को पवित्र और दिव्य बना दिया। छोटे-छोटे बटुकों द्वारा की गई भव्य गंगा महाआरती कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। लगभग एक घंटे तक चली इस आरती में ढोल-नगाड़ों और शंखनाद की गूंज से पूरा घाट आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। श्रद्धालु “हर-हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयघोष करते हुए भाव-विभोर हो उठे।इस अवसर पर पूर्व जिला जज मनोज सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रमुख अरुण जायसवाल, बनवारी पाण्डेय, डॉ. अजय सिंह, योगेंद्र मिश्रा, बीरेन्द्र तिवारी, अनिल सिंह, राजेश सिंह, श्रीकांत विश्वकर्मा, प्रधान आशुतोष सिंह, राजेन्द्र पाण्डेय, संकठा राजभर, राकेश जायसवाल, एडवोकेट जगदीश सिंह, अभिमन्यु मिश्रा, जुगनू पासवान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्वेश कुशवाहा ने की, स्वागत भाषण अध्यक्ष दीपक जायसवाल ने दिया तथा संचालन अरविंद पाण्डेय द्वारा किया गया।






