Chandauli News-कृषि विज्ञान केन्द्र,चन्दौली में एक दिवसीय किसान मेला सम्पन्न

चन्दौली। कृषि विज्ञान केन्द्र, चन्दौली के परिसर में कृषि सूचना तन्त्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम अन्तर्गत एक दिवसीय जनपद स्तरीय किसान मेला/प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राजेश कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उन्होंने मेले में लगे विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के स्टालों का अवलोकन किया और किसानों से संवाद किया।
कृषि विज्ञान केन्द्र, चन्दौली के अध्यक्ष/वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० नरेन्द्र रघुवंशी ने किसानों को कृषि विविधीकरण, वानिकी, उत्पादों के मूल्य संवर्धन, मखाना एवं सिंघाड़े की खेती जैसी समसामयिक तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खेती अब केवल जीविकोपार्जन का साधन नहीं, बल्कि एक लाभकारी व्यवसाय का रूप ले चुकी है।वैज्ञानिक डा० चन्दन सिंह ने फसल अवशेष प्रबंधन, गेहूं एवं सरसों की रबी फसलों में नवीन तकनीकों, विरलीकरण तथा सल्फर के प्रयोग पर प्रकाश डाला।
भूमि संरक्षण अधिकारी ने पं० दीनदयाल किसान समृद्धि योजना एवं खेत तालाब योजना की जानकारी दी। वहीं जिला उद्यान अधिकारी ने एकीकृत बागवानी मिशन के अंतर्गत केले की खेती से प्रति हेक्टेयर 3 से 5 लाख रुपये तक की अतिरिक्त आय प्राप्त करने की संभावनाएं बताईं। उन्होंने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली पर 90% अनुदान तथा आलू की नई प्रजातियों के बीज उपलब्धता के विषय में भी जानकारी दी।रमेश सिंह, निदेशक एफ०पी०ओ० ने डी०एस०आर० विधि से धान की बुवाई, दलहन एवं तिलहन फसलों के लाभ पर चर्चा की, जबकि रतन सिंह, निदेशक एफ०पी०ओ० ने पराली प्रबंधन के लिए किसानों को प्रेरित किया।अपर जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे कृषि वैज्ञानिकों द्वारा बताई गई नवीन तकनीकों को अपनाएं और उर्वरकों का प्रयोग मृदा स्वास्थ्य कार्ड की संस्तुतियों के अनुसार संतुलित मात्रा में करें।
कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, उप सम्भागीय कृषि प्रसार अधिकारी, एफ०पी०ओ० निदेशक शशिकान्त राय, ग्राम ईमिलिया के कृषक, आत्मा योजना से भ्रमण पर आए किसान एवं अन्य प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।अंत में उप कृषि निदेशक, चन्दौली ने कृषि विभाग की फार्मर रजिस्ट्री, पीएम कुसुम योजना तथा अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी कृषकों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्टॉल धारकों का धन्यवाद ज्ञापित कर मेले के समापन की घोषणा की।इस अवसर पर उप निदेशक कृषि भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी, कृषि वैज्ञानिकगण तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




