Chandauli News-नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा बैठक एवं जिला अस्पताल का निरीक्षण कर साफ सफाई एवं चिकित्सकों द्वारा ड्रेस कोड का पालन न करने पर दी चेतावनी

चन्दौली। आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में कामिनी चौहान रतन (आईएएस) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नीति आयोग के इंडिकेटर पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभागीय अधिकारियों से जनपद की प्रगति की जानकारी ली गई एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अध्यक्षता कर रही कामिनी चौहान रतन (आईएएस) ने नीति आयोग के पाँच प्रमुख सेक्टर — स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संरक्षण, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास, तथा आधारभूत संरचना — की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले को नीति आयोग के मापदंडों पर आगे लाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारीपूर्वक और समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा जननी सुरक्षा योजना एवं प्रसव से संबंधित सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ मिले और सैम-मैम बच्चों के अभिभावकों को रोजगार से जोड़कर उन्हें मुख्यधारा में लाया जाए।शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा लोगों को स्वस्थ जीवन की दिशा दिखाती है। विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था एवं बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने ड्रॉप आउट बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा में जोड़ने हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चों को विभिन्न खाद्य पदार्थों में मौजूद विटामिन और पोषक तत्वों की जानकारी देकर पोषण के प्रति जागरूक करने पर बल दिया।जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने बैठक के समापन पर अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्राप्त दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें एवं नीति आयोग के सूचकांकों पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सतत प्रयास करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं, परियोजना अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, प्रभारी सीएमओ, सीएमएस, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, सीडीपीओ, जिला उद्यान अधिकारी, मंडी सचिव, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला अस्पताल का निरीक्षण
इसके उपरांत कामिनी चौहान रतन (आईएएस) ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, भर्ती वार्ड, एक्स-रे कक्ष सहित पूरे अस्पताल परिसर का स्थलीय भ्रमण किया।निरीक्षण के दौरान पुरानी बिल्डिंग में साफ-सफाई व्यवस्था असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों द्वारा ड्रेस कोड का पालन न करने पर असंतोष जताया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी चिकित्सक नियमों के अनुरूप ड्रेस कोड में ही ड्यूटी करें।
सिविलियन विद्यालय पड़या का निरीक्षण
कामिनी चौहान रतन (आईएएस) ने सिविलियन विद्यालय, पड़या का भी निरीक्षण किया।उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन योजना एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।कक्षाओं में बच्चों से शैक्षिक प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने पर उनकी प्रशंसा की।मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं रसोईघर की साफ-सफाई की जांच कर संतोष व्यक्त किया तथा विद्यालय परिसर में स्थित पोषण वाटिका की सराहना की।उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहाँ बच्चों से बातचीत कर उनकी शिक्षा व पोषण स्थिति की जानकारी ली।आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से उन्होंने पूछा कि 3 से 6 वर्ष के बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु वे किस प्रकार कार्य कर रही हैं।कार्यकत्रियों ने बताया कि प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के अंतर्गत खेल-खेल में सीखने की गतिविधियाँ कराई जाती हैं, जिससे बच्चों का मानसिक एवं शारीरिक विकास सुनिश्चित हो सके।






