Chandauli News-सब-इंस्पेक्टर संजीत सिंह की सतर्कता से बची युवक की जान,समय पर मिला इलाज

चंदौली। जनपद चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक की जान सब-इंस्पेक्टर संजीत सिंह की तत्परता और सतर्कता से बच गई।मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भगतपुरा निवासी शेर बहादुर सिंह शुक्रवार की शाम लगभग 8 बजे बबुरी से जलखोर रोड स्थित हटिया गांव के पास मोटरसाइकिल से जाते समय खंभे से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वह खेत में घायल अवस्था में पड़े रहे और देर रात तक किसी ने उन्हें नहीं देखा।रात करीब 1 बजे शेर बहादुर ने किसी तरह अपने पिता को फोन कर दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सब-इंस्पेक्टर संजीत सिंह ने बिना देर किए तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर युवक को खोज निकाला। उन्होंने घायल को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया, जहां से परिजनों ने उसे कमलापति अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर पुलिस ने समय पर कार्रवाई न की होती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।सब-इंस्पेक्टर संजीत सिंह की इस मानवीय, जिम्मेदार और संवेदनशील पहल की क्षेत्रभर में भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है।



