चंदौली:मिशन शक्ति 5.0 का भव्य शुभारंभ,बाल विवाह का विरोध करने वाली चंचल कुमारी हुई सम्मानित

चंदौली। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए चंदौली जनपद में मिशन शक्ति 5.0 का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस अवसर पर एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने जनप्रतिनिधियों व वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का उद्घाटन किया।कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश के 1663 थानों में महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य महिलाओं को न सिर्फ सुरक्षा मुहैया कराना है, बल्कि उन्हें स्वावलंबन की दिशा में प्रेरित करना भी है।इस अवसर पर जनपद की एक होनहार छात्रा चंचल कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। चंचल ने कक्षा 8वीं में पढ़ाई के दौरान अपने ऊपर हो रहे बाल विवाह का साहसपूर्वक विरोध किया था। आज वह पीड़ित व वंचित नाबालिग लड़कियों और महिलाओं के लिए रोल मॉडल बन चुकी हैं। चंचल लगातार महिला उत्थान और जागरूकता के लिए कार्य कर रही हैं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजी पीयूष मोर्डिया ने कहा-“महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए जो भी कार्य आवश्यक होगा, उसे पुलिस द्वारा पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाएगा।”उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अब गांव-गांव जाकर महिलाओं और किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और कानूनी सहायता के प्रति जागरूक करेगी।इस मौके पर जिलाधिकारी (डीएम), पुलिस अधीक्षक (एसपी) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मिशन शक्ति के उद्देश्यों और इसके क्रियान्वयन की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

