Blog

Chandauli News-ग्राम पंचायत समाधान दिवस में डीएम ने सुनी जनता की समस्याएं,लापरवाही पर होगी कार्रवाई

चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित छित्तो गांव के पंचायत भवन में बुधवार को ग्राम पंचायत समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँचकर अपनी समस्याएँ अधिकारियों के समक्ष रखीं।

ग्रामीणों ने आवास योजना, मनरेगा भुगतान, विधवा/वृद्धा पेंशन, नाली निर्माण, पानी निकासी, वरासत और जन्म प्रमाण पत्र जैसी समस्याएँ उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्याओं की गहराई से जांच कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।समाधान दिवस के दौरान डीएम ने महिलाओं, पुरुषों और युवाओं से सीधा संवाद किया और एक-एक करके सभी समस्याएँ सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने गांव में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली। पंचायत भवन के निर्माण कार्य में मनरेगा मजदूरों को भुगतान न होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और ग्राम प्रधान व सचिव को तुरंत भुगतान करने के निर्देश दिए।डीएम गर्ग ने कहा कि अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सभी समस्याओं को एक सूची में दर्ज किया जाएगा और पात्रता के आधार पर लाभ सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि गांव में जो भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित है, उसका चिन्हांकन कर लाभान्वित किया जाए।इसके साथ ही उन्होंने पंचायत भवन के सामने वाले रास्ते में अवैध रूप से बांधे गए पशुओं से हुए अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए।डीएम ने कहा कि ग्राम पंचायत समाधान दिवस का उद्देश्य यही है कि गांव के लोग सीधे अपने गांव में ही प्रशासन तक अपनी बात पहुंचा सकें, ताकि समस्याओं का तुरंत और पारदर्शी समाधान हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button