Chandauli News-सोगाई पम्प कैनाल से निकली नहर की लाइनिंग में घटिया ईंटों के उपयोग पर भड़के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू

चंदौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण पर थे। निरीक्षण के दौरान उनकी नजर सोगाई पम्प कैनाल से निकली नहर की लाइनिंग के निर्माण कार्य पर पड़ी। उन्होंने पाया कि कार्य में इस्तेमाल हो रही ईंटों की गुणवत्ता बेहद खराब है। ईंट को भिड़ाने पर वह पूरी तरह धूल में तब्दील हो गई, जिस पर पूर्व विधायक ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और मानकों की अनदेखी पर चिंता जताई।
पूर्व विधायक ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में सोगाई पम्प कैनाल की स्थापना किसानों की सिंचाई संबंधी समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से कराई थी, जिससे किसानों को लाभ भी मिल रहा है। लेकिन वर्तमान में नहर की लाइनिंग का जो कार्य चल रहा है, उसमें ठेकेदार खुलेआम दोयम दर्जे की ईंटों और अन्य सामग्री का उपयोग कर रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता की जांच करने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर ध्यान नहीं दे रहा है। जेई, एक्सईएन सहित विभाग के अधिकारी आंख मूंदे हुए हैं, जिससे ठेकेदार मनमानी कर रहा है।उन्होंने कहा कि आज ईंटों की गुणवत्ता देखकर उसे क्षेत्रीय किसानों को भी दिखाया गया, ताकि उन्हें वास्तविक स्थिति का पता चल सके। सिंचाई विभाग के अभियंता अपने दायित्वों को भूलकर सत्ता पक्ष के इशारे पर काम कर रहे हैं, जिसका खामियाजा किसानों को सिंचाई के वक्त उठाना पड़ता है।
पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मामले को संज्ञान में लेकर निर्माण की गुणवत्ता दुरुस्त कराने और जिम्मेदार अभियंताओं को उनके दायित्वों का बोध कराने की मांग की।इस मौके पर दयाराम यादव, गुरुप्रकाश यादव, हेमंत कन्नौजिया, लल्लन बिंद, गुड्डू सिंह, प्रदीप मौर्य, अवधेश राय, शिवम गुप्ता, सूर्यपाल सिंह छोटू आदि उपस्थित रहे।



