चंदौली में अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़,संचालक गिरफ्तार

चंदौली। जनपद की बलुआ पुलिस ने रविवार की रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अवैध हथियार फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से फैक्ट्री संचालक संजय शर्मा उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया।सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलुआ क्षेत्र में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एडीजी वाराणसी और एसपी चंदौली के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन अवैध तमंचे (12 बोर, 315 बोर और अर्द्ध निर्मित 315 बोर), 123 कारतूस, तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त सैकड़ों कल-पुर्जे और उपकरण बरामद किए।पूछताछ में आरोपी संजय शर्मा ने बताया कि वह रोजी-रोटी चलाने के लिए असलहा बनाकर आसपास के जिलों में बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।इस खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच में जुटी हुई है।




