Chandauli News-धानापुर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला,हालत गंभीर,ट्रामा सेंटर रेफर,कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

चंदौली:धानापुर थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी 22 वर्षीय मिथिलेश कुमार पर अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला कर दिया, जब वह शौच के लिए नगवा और सोनहुली गांव के बीच स्थित सिवान में गया हुआ था।हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को सीएचसी धानापुर पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत बिगड़ने पर प्राथमिक उपचार के बाद युवक को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार युवक के सिर और पीठ पर चाकू से कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं तथा उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा भी अस्पताल पहुंचीं और घायल युवक की स्थिति का जायजा लिया।इस घटना के बाद जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस द्वारा हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



