Blog

Chandauli News-नवीन मंडी में धान खरीद पर डीएम नाराज लापरवाही पर मंडी सचिव व केंद्र प्रभारी का रोका वेतन,लगाई फटकार

चंदौली जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत नवीन मंडी स्थित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी प्रथम केंद्र सहित नवीन मंडी में संचालित खाद्य विपणन, पी०सी०यू०, यू०पी०एस०एस०, मंडी समिति एवं भा०खा०नि० के कुल 12 क्रय केंद्रों की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अब तक 471 किसानों से 3305.81 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है।

निरीक्षण के समय किसान अमित सिंह के धान की तौल की जा रही थी। वहीं खरीदे गए धान का प्रेषण 729.18 मीट्रिक टन पाया गया। जिलाधिकारी ने खरीदे गए धान के सुरक्षित भंडारण के निर्देश दिए तथा कहा कि किसानों की संख्या बढ़ाई जाए और सीमांत किसानों से अधिक से अधिक धान की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने धान की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने और क्रय नीति में वर्णित सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रय केंद्रों पर किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नियमानुसार, पारदर्शी तरीके से गुणवत्तायुक्त धान की खरीद सुनिश्चित करने तथा धान कुटाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व वर्षों में धान बेचने वाले किसानों से संपर्क कर उन्हें पुनः क्रय केंद्रों पर लाने का सुझाव भी दिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाट रखवाकर कांटे का सत्यापन किया तथा नमी मापक यंत्र व डस्टर की भी जांच की। जब क्रय किए गए धान के उठान न होने का कारण पूछा गया तो मंडी सचिव द्वारा बताया गया कि ट्रांसपोर्टर गिरीश सिंह द्वारा अभी तक गाड़ियां उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मंडी सचिव का वेतन रोककर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। वहीं केंद्र प्रभारी हेमंत द्वारा धान क्रय में नियमों के पालन में कुछ कमी पाए जाने पर उनका भी वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने डिप्टी आर०एम०ओ० राघवेंद्र सिंह को ठेकेदार के विरुद्ध कार्यवाही करने तथा तत्काल धान के उठान की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने आज से पिछले पंद्रह दिनों में की गई धान खरीद की जांच कराने को कहा और स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button