चंदौली : होली सुरक्षा अभियान के तहत डीडीयू जंक्शन पर 16.25 लाख रुपये नकद बरामद


चंदौली -आगामी होली पर्व के मद्देनज़र वरीय अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत तथा Government Railway Police (जीआरपी) प्रभारी सुनील कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी एवं सीआईबी टीम द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।चेकिंग के दौरान स्टेशन के पैदल गामी पुल पर एक व्यक्ति लाल रंग का छोटा बैग लटकाए तेज कदमों से जाता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू कुमार सोनी (उम्र 37 वर्ष), पुत्र बनारसी प्रसाद सोनी, निवासी पानी टंकी, धनटोलिया मुहल्ला, वार्ड नंबर 26, थाना डेहरी ऑन सोन, जिला रोहतास (बिहार) बताया।प्रारंभिक पूछताछ में बैग में रखी नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अतः उक्त व्यक्ति एवं बरामद नकदी को आरपीएफ पोस्ट डीडीयू लाया गया।
नकदी की गिनती करने पर कुल ₹16,25,000 (सोलह लाख पच्चीस हजार रुपये) बरामद हुए। प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने बताया कि वह यह रकम वाराणसी से डेहरी ऑन सोन लेकर जा रहा था।मामला आयकर विभाग से संबंधित पाए जाने पर आयकर विभाग, वाराणसी को सूचित किया गया। आयकर विभाग वाराणसी की टीम आरपीएफ पोस्ट डीडीयू पहुंची, जिन्हें उक्त व्यक्ति एवं उसके पास से बरामद नकदी सुपुर्द कर दी गई। आयकर विभाग द्वारा अग्रिम पूछताछ की जा रही है।
इस संयुक्त चेकिंग अभियान में आरपीएफ टीम से उप निरीक्षक अर्चना मीणा, आरक्षी पवनेश कुमार सिंह, अजय पाल, बृजेश कुमार सिंह; सीआईबी टीम से अवधेश प्रताप; तथा जीआरपी टीम से उप निरीक्षक संदीप शर्मा एवं अन्य स्टाफ शामिल रहे।



