Chandauli News-आरोग्य मंदिर में तैनात स्वास्थ्य महिलाकर्मी ने HEO पर छेड़छाड़ व मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

चंदौली – जनपद के सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंतर्गत एक गांव में स्थित आरोग्य मंदिर में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य महिलाकर्मी ने शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे सदर कोतवाली पहुंचकर अपने ही विभाग के स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी (HEO) जयप्रकाश सिंह पर छेड़छाड़ एवं अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़िता का आरोप है कि कार्यस्थल पर HEO द्वारा लगातार आपत्तिजनक बातें कही जाती हैं। वह कहता है कि “तुम मुझे पसंद हो” और “तुम्हारे साथ गलत करना चाहता हूं।” महिलाकर्मी के अनुसार, विरोध करने पर उसे कार्य से रोकने की धमकी दी जाती है, गाली-गलौज कर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जाता है।महिलाकर्मी ने यह भी बताया कि उसके ऊपर दबाव बनाने के लिए बार-बार पैसों की मांग की जाती है। पैसे देने से इंकार करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है तथा जान से मारने की धमकी भी दी जाती है। आरोप है कि HEO द्वारा लगातार यह कहा जा रहा है कि यदि वह उसकी बात नहीं मानेगी तो उसे नौकरी से निकलवा दिया जाएगा और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इस पूरे घटनाक्रम से पीड़िता अपने भविष्य और जीवन को लेकर गंभीर चिंता में है।स्वास्थ्य महिलाकर्मी ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच एवं दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।इस संबंध में सदर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी ने बताया कि मामला संज्ञान में है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



