Chandauli News-कांग्रेस का भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन,कई कार्यकर्ताओं को चंदौली पुलिस ने हिरासत में लिया

चंदौली। कांग्रेस जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में यंग इंडिया व नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस निकालते हुए नारेबाजी के साथ भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े।
जुलूस के दौरान पुलिस चौकी के पास पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की नोकझोंक हुई, लेकिन कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देते हुए भाजपा कार्यालय के समीप पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन से कोतवाली ले गई।
इस दौरान कांग्रेस महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि न्यायालय ने भाजपा सरकार की बदनियती को बेनकाब कर दिया है। नेशनल हेराल्ड मामले में भाजपा सरकार देश के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी और सोनिया गांधी को फंसाकर देश की राजनीति को विपक्ष विहीन करना चाहती थी, लेकिन न्यायालय ने दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि पिछले एक दशक से केंद्र की भाजपा सरकार कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध और बदले की भावना से गैरकानूनी तरीके से कार्रवाई कर रही है। यंग इंडिया मामले को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दुर्भावना से ग्रसित होकर ईडी की कार्रवाई की गई थी, जिसे न्यायालय ने अवैध और दुर्भावनापूर्ण पाया है।
प्रदर्शन में मधु राय, गंगा प्रसाद, तरुण पाण्डेय, डॉ. रामधार जोसेफ, रजनीकांत पांडे, सतीश बिंद, रमानंद यादव, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, अरविन्द पांडे, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, संतोष तिवारी, हम्मीर शाह, राधेश्याम यदुवंशी, असगर अली, शमशाद खान, दिलीप यादव, अमलेंदु पांडे, बदरुद्वजा अंसारी, राज किशोर सिंह, राकेश सिंह, चंद्रशेखर तिवारी, अविनाश विश्वकर्मा, नियाज़ अहमद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



