Blog

Chandauli News-खड़ान स्थित बाबा प्रसन्नदास महाराज की तपोभूमि को पर्यटन स्थल घोषित किए जाने की मांग:अंजनी सिंह

चंदौली। जनपद के धानापुर ब्लॉक क्षेत्र के खड़ान स्थित बाबा प्रसन्नदास महाराज की पावन एवं प्राचीन तपोभूमि को पर्यटन स्थल घोषित कर विकसित किए जाने की मांग उठी है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह ने सीडीओ आर. जगत साईं से मुलाकात कर स्थल के महत्व और विकास की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।
अंजनी सिंह ने बताया कि खड़ान ग्राम सभा में स्थित यह सिद्धपीठ धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यहां लगभग 400 वर्ष पूर्व श्री श्री 1008 परमहंस बाबा प्रसन्नदास जी महाराज ने जीवित समाधि ली थी। वे बाबा किनाराम के समकालीन संत थे। इस पावन भूमि पर बाबा परमहंस जी महाराज, रेखई राम जी महाराज और मुराहु बाबा जैसे महान संतों ने अपनी धुनी रमाई थी।

उन्होंने बताया कि इसी स्थल पर रेखई राम महाराज द्वारा रामायण ग्रंथ की रचना भी की गई थी, जिसका उल्लेख विश्व साधु समाज के अध्यक्ष अखंडानंद सरस्वती जी महाराज ने अपनी लेखनी अखंड ज्योति में किया है।अंजनी सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासी इस तपोभूमि को सिद्धपीठ धाम के नाम से जानते हैं। अतः जनभावना और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इसे पर्यटन स्थल घोषित कर विकसित किया जाना चाहिए, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को उचित सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को वे 28 फरवरी 2024 को जिला पंचायत के सदन में भी उठा चुके हैं। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृहमंत्री अमित शाह को संबोधित ज्ञापन सौंपकर खड़ान ग्राम पंचायत का नाम ‘सिद्धपीठ धाम’ घोषित करने की भी मांग की है। उन्होंने सांसद वीरेंद्र सिंह और सैयदराजा विधायक से भी इस धार्मिक धरोहर के विकास में योगदान देने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button