Chandauli News-ग्राम पंचायत अधिकारियों का काली पट्टी बांधकर विरोध,आंदोलन की चेतावनी

चंदौली। ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेश व्यापारी आंदोलन का समर्थन किया। इस दौरान अधिकारियों ने बाहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया और जोरदार नारेबाजी की।वक्ताओं ने बताया कि शासन ने ग्राम पंचायत सचिवों को बिना किसी अतिरिक्त संसाधन के अपने व्यक्तिगत मोबाइल व सिम से फेशियल रिकॉग्निशन आधारित उपस्थिति प्रणाली का उपयोग करने का निर्देश दिया है। यह व्यवस्था क्षेत्रीय कार्यों की प्रकृति के विपरीत है, जिससे प्रदेशभर में सचिवों में रोष और भय की स्थिति उत्पन्न हो गई है।सचिवों का कहना है कि वे पहले से ही अपने मूल कार्य सुचारू रूप से नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उन पर गैर-विभागीय कार्यों का अत्यधिक बोझ है—जैसे फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टैक सर्वे, गौशाला प्रबंधन, आयुष्मान कार्ड, फैमिली आईडी, विभिन्न पेंशनों का सत्यापन, शिक्षा विभाग का ऑपरेशन कायाकल्प, बोर्ड परीक्षा की ड्यूटी, गोवंश हेतु भूसा प्रबंधन, सोलर पैनल लक्ष्य, पराली प्रबंधन आदि। इस निरंतर दबाव के कारण कर्मचारी अस्वस्थ हो रहे हैं और कई दुर्घटनाएँ भी सामने आ रही हैं।सचिवों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से चलाने का निर्णय लिया है—
4 दिसंबर तक विकास खंड स्तर पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध।
5 दिसंबर को प्रदेश के सभी 826 विकास खंडों में एक दिवसीय सत्याग्रह।
मुख्यमंत्री को समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके बाद सभी सचिव शासकीय व्हाट्सऐप समूहों से अलग हो जाएंगे।
10 दिसंबर से निजी वाहनों का उपयोग करके सरकारी कार्य नहीं किया जाएगा।
15 दिसंबर को सभी सचिव अपना डोंगल विकासखंडों पर जमा कर देंगे।
समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो वे पूर्ण कार्य बहिष्कार और अनवरत धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन व प्रशासन की होगी।



