Chandauli News-जिला अस्पताल का वजूद बचाने सड़क पर उतरी कांग्रेस,निकाला विरोध मार्च


चंदौली में पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय के वजूद को बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। 8 अप्रैल को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में शासन के खिलाफ विरोध मार्च निकाला।
यह जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क पहुंचा, जहां यह धरना-प्रदर्शन में बदल गया। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद आंदोलन को अगले कार्यक्रम तक स्थगित कर दिया गया।इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि जिला चिकित्सालय वर्षों से पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार और जनप्रतिनिधियों द्वारा इसे कमजोर किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ का लगातार स्थानांतरण किया जा रहा है और कई जरूरी सुविधाएं आम जनता के लिए बंद कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल दोनों अलग-अलग संस्थाएं हैं और दोनों को स्वतंत्र रूप से पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाना चाहिए।धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज अभी भी कई जरूरी सुविधाओं जैसे गैस्ट्रोलॉजी, न्यूरो और MRI से वंचित है। इसके बावजूद जिला अस्पताल को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस और जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।कांग्रेस ने अपनी प्रमुख मांगों में जिला अस्पताल का पूर्ण संचालन, स्थानांतरित डॉक्टरों और कर्मचारियों की वापसी, मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल को अलग-अलग संचालित करने तथा पिछले पांच वर्षों के बजट की उच्चस्तरीय जांच की मांग रखी है।जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी।धरना-प्रदर्शन में जिले के कई वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण द्विवेदी ने की, जबकि संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।



