Chandauli News-थाना इलिया पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले युवक को किया गिरफ्तार,सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से खुला मामला

चंदौली -थाना इलिया क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में एक युवक अपने निजी तमंचे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने पर मामला सोशल मीडिया सेल चंदौली और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आया।सोशल मीडिया सेल द्वारा की गई जांच में पता चला कि वीडियो ग्राम रोहाखी का है। शादी समारोह के इस वीडियो को जब पुलिस टीम ने गांव वालों को दिखाया तो ग्रामवासियों ने फायरिंग करने वाले युवक की पहचान की पुष्टि की।ग्रामवासियों ने बताया कि वीडियो में हर्ष फायरिंग करने वाला युवक अभिषेक पाण्डेय उर्फ विपिन पाण्डेय, पुत्र प्रभु नारायण पाण्डेय, निवासी ग्राम रोहाखी, थाना इलिया, जनपद चंदौली है।वीडियो की पुष्टि हो जाने के बाद हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह द्वारा एक लिखित तहरीर थाना कार्यालय में दाखिल की गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।थाना इलिया पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 90/2025, धारा 125 BNS तथा धारा 25(9) आयुध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया। मामले में अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्यवाही जारी है।पुलिस ने दोहराया कि हर्ष फायरिंग एक दंडनीय अपराध है और इससे जान-माल को बड़ा खतरा होता है। ऐसे मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।



