चंदौली:जर्जर सड़क को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने उठाई आवाज,पीडब्ल्यूडी पर लगाया लापरवाही का आरोप

चंदौली। सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू रविवार को क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान जमानियां–नोनार मार्ग पर ग्रामीणों व बाइक सवारों ने उन्हें रोककर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करीब नौ माह पूर्व सड़क निर्माण के नाम पर खुदाई कर गिट्टियां डाल दी गईं, लेकिन इसके बाद से निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। इससे आए दिन लोग सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं और साइकिल व बाइक से चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सहित संबंधित अधिकारियों से बात कर तत्काल सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन लोग घायल हो रहे हैं, ऐसे में इस गंभीर जन समस्या को विभाग को प्राथमिकता से संज्ञान में लेना चाहिए।
पूर्व विधायक ने बताया कि नोनार से धीना होते हुए जमानियां को जोड़ने वाला लगभग 24 किलोमीटर लंबा मार्ग पीडब्ल्यूडी की शिथिलता और उदासीनता के कारण दुर्घटनाओं का कारण बन गया है। गिट्टियों पर फिसलकर मोटरसाइकिल सवार गिर रहे हैं, जिससे किसी का घुटना टूट रहा है तो किसी का सिर फूट रहा है। स्कूली बच्चे भी हादसों का शिकार हो चुके हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी घटनाओं के बाद भी विभाग मौन क्यों है। चौड़ीकरण के नाम पर सड़क को अधूरा छोड़ देना जनता की परेशानी बढ़ाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि विभागीय लापरवाही से लोगों का समय और ईंधन बर्बाद हो रहा है और गंभीर चोटें लग रही हैं। क्या विभाग ऐसे घायलों को मुआवजा देगा? पूर्व विधायक ने मांग की कि पीडब्ल्यूडी इस गंभीर समस्या का समाधान तत्काल करे, ताकि लोगों को आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।




