Chandauli News-मझवार रेलवे स्टेशन के पास ट्रेलर–ट्रक की टक्कर,चालक केबिन में फंसा,किया गया रेस्क्यू

चंदौली -मुख्यालय स्थित मझवार रेलवे स्टेशन के समीप नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार में जा रही एक अनियंत्रित ट्रेलर सामने चल रही ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और आसपास के लोग पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद भी चालक को केबिन से बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल क्रेन मंगवाकर केबिन को काटा, तब जाकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।बताया जा रहा है कि अलीनगर थाना क्षेत्र निवासी कमलेश यादव (35 वर्ष) अपने ट्रेलर पर मिर्जापुर जिले के डगमगपुर से गिट्टी की भस्सी लादकर दरभंगा (बिहार) जा रहा था। जैसे ही वह चंदौली–मझवार रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा, अचानक हाईवा अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही ट्रक से जा टकराई। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे में केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक अंदर फंस गया।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से करीब आधे घंटे तक रेस्क्यू का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंततः क्रेन की सहायता से केबिन को अलग कर चालक को बाहर निकाला गया।इस संबंध में सदर कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



